मुरादाबाद। हरिद्वार की ओर से कांवड़ लेकर आ रहे कांवड़ियों के जत्थे में अचानक एक कार घुस गई जिससे छह लोगों को चोट लगी और 6 कांवड़ खंडित हो गई। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने कांठ रोड पर जाम लगा दिया। जमकर बवाल हुआ और इस कार को तोड़ कर उसे आग लगाने की कोशिश की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर नागरिकों को वहां से हटाया और किसी तरह से जाम खुलवाया।
हादसा शनिवार रात करीब पौने दस बजे कॉसमॉस अस्पताल के पास हुआ। बरेली के गुलड़िया में रहने वाले आकाश ने बताया कि वह साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड लेकर आ रहे थे। आगे ट्रैक्टर ट्राली चल रही थी जिसके पीछे कांवड़ियों का जत्था चल रहा था। जब जत्था कॉसमॉस अस्पताल से थोड़ा आगे पहुंचा तभी पीछे से तेज गति से आई लाल रंग की अनियंत्रित ऑल्टो कार कांवड़ियों के जत्थे में जा घुसी। इससे आकाश, रोहताश, हरिओम, मोहनलाल और पप्पू सहित छह लोगों को चोट लगी। कांवडें भी खंडित हो गई। कार में दो युवक सवार थे। आकाश का आरोप है कि उन्होंने मारपीट की और धमकी देते हुए कार छोड़कर वहां से भाग निकले। गुस्साए कांवड़ियों ने कांठ रोड पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। तत्काल एसपी सिटी अंकित मित्तल मय फोर्स मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक जबरदस्त हंगामा हुआ। कांवड़ियों के साथ ही स्थानीय नागरिकों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला बिगड़ता देखकर पुलिस ने कावंड़ियों को तो मनुहार कर एक तरफ किया और स्थानीय नागरिकों को लाठी चार्ज कर खदेड़ा गया। एसपी ने बताया कि कांवड़ियों को तहरीर देने के लिए कहा गया है। घायल कांवड़ियों का मेडिकल कराया गया है। इसके आधार पर कार सवारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कार के नंबर के आधार पर चालक और उसके साथी की तलाश जारी है।
पुलिस की लापरवाही भी बवाल की वजह
मुरादाबाद। अन्य दिनों के मुकाबले शनिवार को कांठ रोड और दिल्ली रोड पर कांवड़ियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई थी। इसके बाद भी कांवड़ियों की सुरक्षा में लापरवाही बरती गई। ट्रैफिक के बीच कांवड़िये आते जाते रहे। जिस वजह से हादसे का डर बना हुआ था। रात को प्रेम नगर के पास अंधेरा था। इस दौरान ही हादसा हुआ और चंद मिनटों में कांठ रोड पर बवाल होेने लगा। मौके पर पुलिस भी मौजूद नहीं थी।
कांवड़ियों को चोट लगने पर भड़के प्रेम नगर के लोग
मुरादाबाद। कांठ रोड पर जब कार की टक्कर से छह कांवड़ियों को चोट लगी तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रेम नगर और आसपास के लोग वहां पर पहुंचे। कार चालक के खिलाफ स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जाहिर की और कांवड़ियों का साथ दिया। उनका कहना है कि कार पर चालक का नियंत्रण नहीं था।