कुंदरकी। कुंदरकी थाना क्षेत्र में कांवड़ियों की बाइक में कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कांवड़िये राजपाल प्रजापति (45) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी हरवंश घायल हो गया। यह हादसा सोमवार रात 10 बजे हुआ। हादसे के बाद नाराज अन्य कांवड़ियों ने मुरादाबाद-आगरा हाईवे के कुंदरकी बाइपास पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंचे सीओ के समझाने पर करीब एक घंटे बाद कांवड़ियों ने रास्ता खोल दिया।
रामपुर जिले के सैफनी थाना क्षेत्र के गांव बैरूआ निवासी ई-रिक्शा चालक राजपाल प्रजापति (45) रविवार शाम को जटपुरा गांव निवासी दोस्त हरवंश सिंह, जुगेंद्र सिंह, अनिल, जयवीर, कुंवर पाल, दीपक, भूरा व सुमित के साथ बाइक से गंगाजल लेने हरिद्वार गए थे। सभी 10 कांवड़िये पांच बाइक से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। सोमवार रात करीब 10 बजे सभी कांवड़िये लौटते समय मुरादाबाद-आगरा हाईवे के कुंदरकी बाईपास पर रुके तो राजपाल की बाइक में बिलारी की ओर से कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक ही बाइक पर सवार राजपाल और हरवंश घायल हो गए, दोनों को कुंदरकी सीएचसी पर लगाया, जहां राजपाल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि हरवंश को जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद राजपाल के साथी कांवड़िये भड़क गए और सड़क पर मोटरसाइकिलें खड़ी कर हंगामा करने लगे। कांवड़ियों ने फरार कार चालक को गिरफ्तार करने की मांग शुरू कर दी। बाईपास पर जाम लगने से कुछ ही देर दोनों साइडों से वाहनों की लंबी कतारे लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची सीओ अंकित कुमार ने काफी मान-मनौव्वल की। तब जाकर एक घंटे बाद कांवड़ियों ने रास्ता छोड़ा। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ ने कहा कि फरार कार चालक की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।