मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सोमवार रात आठ बजे से दिल्ली हाईवे पर जीरो ट्रैफिक लागू कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था 26 फरवरी की शाम पांच बजे तक लागू रहेगी। हाईवे पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन रोक दिया जाएगा। इस दौरान केवल कांवड़ियों के जत्थे और उनके वाहन को ही आने-जाने की अनुमति रहेगी।
अमरोहा से रामपुर, बरेली की ओर जाने वाले सभी भारी वाहन कैलशा, बागड़पुर, डींगरपुर तिराहा, पाकबड़ा से डींगरपुर, कुंदरकी, बिलारी, शाहाबाद होकर रामपुर जाएंगी और इसी मार्ग से वापस लौटेंगे। मुरादाबाद से बिजनौर या हरिद्वार आने जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा भूतपुरी चौराहा (अफजलगढ़), शेरकोट, धामपुर, नहटौर होते हुए बिजनौर या हरिद्वार जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे।
महाशिवरात्रि को देखते हुए नागफनी थाना क्षेत्र के चौरासी घंटा और झारखंडी मंदिर पर 150 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। दोनों मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। मझोला क्षेत्र के ऋणमुक्तेश्वर मंदिर, नया मुरादाबाद महाकालेश्वर मंदिर में पुलिसकर्मियों की तैनाती गई है।