मुरादाबाद। कांवड़ियों के जत्थे हरिद्वार से जल लेकर रवाना होने लगे हैं। बिजनौर में रूट डायवर्जन होने की जानकारी मिलने पर मुरादाबाद पुलिस ने कांठ रोड पर मंगलवार से भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। दिल्ली रोड पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर भारी वाहनों का संचालन रोका जाएगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि हरिद्वार से कांवड़ियों के जत्थे रवाना होने लगे हैं। यह जत्थे हरिद्वार से बिजनौर होते हुए मुरादाबाद आएंगे और रामपुर, बरेली के लिए रवाना होंगे। बिजनौर में रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। बिजनौर पुलिस ने इसकी जानकारी मुरादाबाद पुलिस को दे दी है। मंगलवार सुबह से ही कांठ पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान भारी वाहन काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर होकर बिजनौर और आगे के लिए जाएंगे। इसी रास्ते से वापस आएंगे। पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि दिल्ली रोड पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने और अमरोहा पुलिस से वार्ता के बाद भारी वाहनों को रोका जाएगा और बदले मार्ग से गुजारा जाएगा।
यह रहेगी डायवर्जन की व्यवस्था
शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन शाहजहांपुर से बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर के रास्ते भेजे जाएंगे और इसी रास्ते से वापस आएंगे।
मुरादाबाद से दिल्ली के लिए
मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ होकर दिल्ली जाएंगे और इसी रास्ते से वापस जाएंगे।
बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बिलारी, सिरसी, संभल, चौधरी सराय और गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते निकाले जाएंगे।
मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन गांगन तिराहा, मनोटा, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ होकर जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे।
दिल्ली-गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ जाने वाले भारी वाहन हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं के रास्ते भेजे जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे।
बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी वाहन काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर होकर जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे। हल्के वाहनों को टीएमयू, अगवानपुर के रास्ते निकाला जाएगा।