मुरादाबाद। कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक में लापरवाही सामने आने पर कमिश्नर यशवंत राव ने जेडी हेल्थ, एडी बेसिक और संभल, अमरोहा, रामपुर व मुरादाबाद के सीएमओ समेत 10 से अधिक अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। कमिश्नर ने मंडल के पांचों जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारी तय करते हुए दो टूक कहा है कि यदि कांवड़ यात्रा में कोई चूक हुई तो अधिकारी सजा झेलने को तैयार रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा को लेकर होने वाली तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भौतिक निगरानी खुद डीएम - एसपी करेंगे।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ रूट पर सड़कों को दुरुस्त करा लें। कांवड़ रूट पर पड़ने वाले गांवों के प्रधानों और सरकारी कर्मियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाओं का आदान प्रदान किया जाए। कांवड़ जत्थों के लिए छोटे - छोटे कैंप बनाने के बजाए बड़े कैंप लगाकर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। कांवड़ियों की सुरक्षा के इंतजामों में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। कैंप उसी साइड बनाए जाएं जिधर कांवडियों की आवाजाही हो। कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए कमिश्नर ने पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वह पड़ोसी जिलों के साथ बैठकें करके दिक्कतों को दूर करें। कांवड़ रूट पर साफ - सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कानून व्यवस्था की बैठक में कमिश्नर ने पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि महिला अपराध एवं यौन अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस सख्ती से कार्रवाई करे। गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाए और जघन्य अपराधों में चार्जशीट दाखिल कर उन्हें फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर सजा के लिए प्रभावी पैरवी करें। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन में कानून का भय हो इसके लिए कप्तान जिलों में स्पेशल पुलिस टीमों का गठन कर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। बैठक में आईजी रमित शर्मा, डीएम मुरादाबाद राकेश सिंह, डीएम रामपुर आन्जनेय कुमार सिंह, डीएम बिजनौर सुजीत कुमार, डीएम अमरोहा उमेश मिश्र, डीएम संभल अविनाश कृष्ण सिंह, एसएसपी मुरादाबाद अमित पाठक समेत मंडल के पांचों पुलिस कप्तान और मंडल स्तरीय सभी अधिकारी उपस्थित थे।
इनके खिलाफ होगी कार्रवाई
कमिश्नर ने सरकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने पर जेडी हेल्थ, उप निदेशक पंचायत, एक्सईएन लघु सिंचाई, उपनिदेशक अर्थ एवं सांख्यिकी, एडी बेसिक, जेडी कृषि, मुरादाबाद, संभल, रामपुर और अमरोहा के सीएमओ और ड्रग इंस्पेक्टर्स के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इन सभी का स्पष्टीकरण तलब किया गया है। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। कमिश्नर ने इन अफसरों की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं को पलीता लगाने वाले अधिकारियों को कार्रवाई झेलनी ही होगी।