नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर की पॉश कालोनी में लावारिस घूम रहे सांड़ ने एक युवा कारोबारी की जान ले ली। रामगंगा विहार में मंगलवार रात सांड ने बाइक सवार जींस कारोबारी पर हमला कर दिया। सांड का सींग कारोबारी के पेट में घुस गया। जिससे उनकी आंत और लिवर फट गया। मंगलवार देर रात निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सांड़ के हमले में जान गंवाने वाले जींस कारोबारी अपार शुक्ला का परिवार सिविल लाइंस के रामगंगा विहार स्थित टीडीआई सिटी में रहता है। परिवार में पिता पंडित राजीव शुक्ला संस्कार विशेषज्ञ हैं। छोटा भाई, बहन और मां हैं। अपार शुक्ला की नोएडा में जींस फैक्टरी है। लॉकडाउन में फैक्टरी बंद होने पर अपार शुक्ला घर लौट आए थे।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात दस बजे अपार अपने दोस्त को उनके घर छोड़कर लौट रहे थे। इनकी बाइक रामगंगा विहार में सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल के पास पहुंची। इसी दौरान सामने से अचानक सांड़ आ गया। सांड़ ने अपार पर हमला कर दिया। सांड़ का सींग अपार के पेट में घुस गया था जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। इसके बाद पुलिस घायल अपार को लेकर कॉसमॉस अस्पताल पहुंची और भर्ती करा दिया। अपार की जेब में मिले मोबाइल से उनके परिजनों को सूचना दी। खबर मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। देर रात अपार की मौत हो गई। सिविल लाइंस थाना प्रभारी नवल मारवाह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।