जयाप्रदा के बेटे सम्राट मां के लिए वोट मांगते हुए
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा के पुत्र सम्राट ने अपनी मां के चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। राजनीति से दूर रहने वाले सम्राट ने गुरुवार को पहली बार अपनी मां के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। सधे हुए राजनेता की तरह बुजुर्गों के पांव छूकर अपनी मां को आशीर्वाद देने के लिए कहा तो युवाओं को गले लगाकर। उनका यह अंदाज लोगों को खासा पसंद भी आ रहा है।
जयाप्रदा गुरुवार को रामपुर से बाहर थीं। ऐसे में उनके बेटे सम्राट प्रचार में उतरे। सम्राट अपनी मां के साथ इन दिनों रामपुर आए हुए हैं। सियासत से दूर रहने वाले सम्राट पहली बार प्रचार में उतरे हैं। वैसे रामपुर के संसदीय चुनाव में कई प्रत्याशियों के पुत्र चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम ने प्रचार की कमान अपने हाथ में ले रखी है। अब्दुल्ला स्वार-टांडा के विधायक भी हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर के पुत्र भी चुनाव प्रचार में अपने पिता का साथ दे रहे हैं। अब जयाप्रदा के पुत्र भी चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतर गए हैं। सम्राट ने ग्राम आगापुर, मंसूरपुर, धमोरा व रामपुर शहर में भ्रमण कर भाजपा प्रत्याशी जया प्रदा के लिए वोट मांगे। इस दौरान सम्राट ने कहा कि सांसद रहते हुए जयाप्रदा ने रामपुर में पुल, बांध, अस्पताल बनवाए। शहर के साथ-साथ गांव में विकास कराया है। सम्राट को अपने बीच देखकर लोग सबसे ज्यादा उनकी विनम्रता से प्रभावित होते हैं।