मुरादाबाद। जिला अस्पताल में दांतों के रोगियों को जल्द ही फ्री में जबड़ा लगवाने की सुविधा मिलने जा रही है। डेंटल लैब लगभग तैयार हो चुकी है और अक्तूबर-2025 से इसके शुरू होने के आसार हैं। एमडीएस डॉ. शीबा खान दांतों के रोगियों का इलाज करेंगी। यहां तैनाती के बाद से वह मातृत्व अवकाश पर हैं, जल्द ही वह अस्पताल में सेवाएं शुरू करने वाली हैं।
वर्तमान में डॉ. सौरभ मिश्रा व डॉ. अलका डेंटल ओपीडी संभाल रहे हैं। 50 लाख रुपये से अस्पताल में यह लैब तैयार की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक 90 प्रतिशत सामान आ चुका है। शेष सामान सितंबर में आ जाएगा। निजी अस्पतालों में डेंचर (कृत्रिम दांत) लगवाने के लिए मरीजों को एक सेट के लिए 5000 से 20 हजार रुपये तक चुकाने पड़ते हैं। सरकारी अस्पताल में मरीजों को यह सुविधा फ्री में मिलेगी। मंडल के किसी और सरकारी अस्पताल में एमडीएस डॉक्टर की तैनाती भी नहीं हैं। ऐसे में मंडल भर के मरीजों के यहां पहुंचने की उम्मीद है। एसआईसी डॉ. संगीता गुप्ता ने बताया कि दांतों के रोगियों के लिए कई सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं। बेहतर इलाज के साथ अच्छी दवाइयां भी उन्हें उपलब्ध कराई जाएंगी।