मुरादाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महाउत्सव पर यशोदा नंदन की सतरंगी छटा के दर्शन के लिए सैकड़ों भक्त श्री बांके बिहारी मंदिर में उमड़े। ‘देवकी का नंदन कहूं या यशोदा का लाल कहूं, वासुदेव का तनय कहूं या नंद का गोपाल कहूं ..’ भजन की स्वर सरिता पर नंदन की आराधना करने आए लोगों की भक्ति हिलोरे मारती रही थी। कृष्ण जन्म के उत्सव पर लड्डू गोपाल जी का 1008 परिवारोें ने दुग्धाभिषेक किया। धवल चांदनी की रात ठीक बारह बजे कृष्ण जन्म होते ही मंदिर परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी... जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गुंजायमान हो गया। नाचते गाते लोग देर रात तक कृष्ण जन्म की खुशी में उत्सव मनाते रहे।
ऊंचाकानी रोड स्थित कृष्ण सेवा न्यास समिति परिवार एवं श्री बांके बिहारी परिवार का श्री बांके बिहारी मंदिर कृष्ण जन्माष्टमी पर दुल्हन की तरह सजाया गया था। सिर्फ मुरादाबाद नहीं, संभल और चंदौसी से भी भक्तों की अविरल कतार मंदिर में देर रात तक बनी रही। पंडित गोपाल दत्त ने यशोदा नंदन लड्डू गोपाल का दुग्धाभिषेक कराया। हरिनाम संकीर्तन विजय नंदन गुप्ता ने प्रस्तुत किया। मंदिर में महाउत्सव आयोजन के मुख्य अतिथि शहर विधायक रितेश गुप्ता और महापौर विनोद अग्रवाल थे। मंदिर परिसर में देर रात तक सुरेश चंद्र गुप्ता, अभय गुप्ता, प्रमोद अग्रवाल, राजेश खंडेलवाल, अनुज मित्तल, ज्ञानेंद्र देव, आलोक गुप्ता, राजेंद्र खन्ना, नीमा गुप्ता, रश्मि गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।