डिलारी (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र के काकरखेड़ा गांव निवासी जफर ने पंद्रह साल पहले गांव नाखूनका में मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग पर काकरखेड़ा बस स्टैंड के पास अपने दो भाइयों के साथ सीमेंट, बजरी की छोटी सी दुकान शुरू की थी। कारोबार के दौरान ही जफर खनन माफिया के संपर्क में आया और धन अर्जित करने के लालच में उसने अवैध खनन की तरफ कदम बढ़ाया शुरू कर दिया।
जफर ने खनन से काफी संपत्ति अर्जित की। इसके बाद उसने इस कारोबार को बढ़ाने के लिए खुद और अपने रिश्तेदारों के नाम से डंपर खरीदने शुरू कर दिए। आज इसके पास 15 से अधिक डंपर हैं। एसडीएम और खनन अधिकारी से मारपीट मामले के बाद से इसके डंपर गांव में नहीं दिखे। घटना के बाद से उसके घर में कोई पुरुष नजर नहीं आता। घर में केवल परिवार की महिलाएं ही हैं।