मरीजों की फर्जी रिपोर्ट तैयार कराने, फर्जी सर्जरी दिखाकर आयुष्मान योजना के तहत भुगतान का आवेदन करने वाले मिशन व बरुआ अस्पतालों की जांच पूरी हो चुकी है। जांच रिपोर्ट की फाइल मंगलवार को खुलेगी। दोनों अस्पतालों ने ऐसे मरीजों की सर्जरी दिखाई थी, जिन्हें कोई बीमारी ही नहीं थी।
एआई के जरिए दूसरे मरीजों के शरीर पर उनके सिर का फोटो चिपकाया गया था। इसके बाद भुगतान के लिए फाइल शासन को भेजी गई। प्रदेश स्तर पर आयुष्मान का जिम्मा उठा रही संस्था सांची ने इन फाइलों को निरस्त कर दिया। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह को पत्र भेजा गया कि इन अस्पतालों की जांच कर रिपोर्ट भेजी जाए। सीएमओ ने दोनों अस्पतालों की 300 से ज्यादा फाइलों को खंगाल कर जांच करा ली है। पाकबड़ा के मिशन अस्पताल ने 80 से ज्यादा व खुशहालपुर स्थित बरुआ अस्पताल ने 18 केस फर्जी दिखाए थे। मंगलवार को समिति अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपेगी।
इसके बाद यह रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। साथ ही सीएमओ स्तर से दोनों अस्पतालों पर कार्रवाई भी की जा सकती है। दोनों अस्पतालों की आयुष्मान सेवाएं प्रदेश स्तर से पहले ही निलंबित की जा चुकी हैं। ये अस्पताल किसी मरीज को आयुष्मान योजना के तहत भर्ती नहीं कर पाएंगे। इनसे सबक लेकर अब स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान में पैनल अस्पतालों का विवरण चेक कर रहा है।