कांठ। ग्राम समाज की भूमि में खड़े नीलाम किए गए पेड़ों से अधिक पेड़ कटवाने के मामले में ग्राम प्रधान मोहम्मद साजिद नीलामी ठेकेदार पंकज कुमार निवासी जहांगीरपुर तहसील ठाकुरद्वारा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस पूरे प्रकरण में लेखपाल की भी भूमिका संदिग्ध होने पर एसडीएम ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कांठ तहसील क्षेत्र के गांव मौहड़ी हजरतपुर-खूंटखेड़ा में ग्राम पंचायत की भूमि में खड़े कुछ पेड़ आंधी-तूफान के दौरान गिर गए थे। जिस पर प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसडीएम के आदेश पर 15 दिसंबर को 11 पेड़ों की विधिवत नीलामी की गई थी। इसके बाद संबंधित ठेकेदार ने पेड़ों को कटवाने का काम शुरू किया था। रविवार को मौहड़ी हजरतपुर-खूंटखेड़ा के लोकेंद्र सिंह, रामनिवास सिंह, उदयराज सिंह, सोनू, संजीव कुमार, अमित कुमार, जितेंद्र कुमार, राहुल आदि ग्रामीणों ने अधिकारियों को पत्र देकर शिकायत की थी कि ठेकेदार ने ग्राम प्रधान से सांठगांठ कर नीलामी के निर्धारित 11 पेड़ों से अधिक पेड़ काट लिए हैं। ग्रामीणों ने इसे लेकर हंगामा करते हुए नाराजगी भी जताई थी और बाग में पहुंचकर पेड़ों के कटान का कार्य रुकवा दिया था। उन्होंने पेड़ों को काटकर लकड़ी ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी रोक लिया था और ग्राम प्रधान मौके से भाग गया था। इधर नीलामी में निर्धारित पेड़ों से अधिक पेड़ काटने की शिकायत पर क्षेत्रीय लेखपाल अली हुसैन और डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। ग्रामीणों द्वारा मौके पर रोकी गई पेड़ों की लकड़ी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस के सुपुर्द कर दिया था।
सोमवार को इस मामले में डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने अपनी जांच रिपोर्ट दी। जिसमें उन्होंने मौके पर पांच आम, पांच शीषम और पांच जामुन के पेड़ कटे होने का जिक्र किया। नीलामी के निर्धारित 11 पेड़ों से चार पेड़ अधिक कटवाने के आरोप में एसडीएम के आदेश पर क्षेत्रीय लेखपाल अली हुसैन ने मौहड़ी हजरतपुर-खूंटखेड़ा के प्रधान मोहम्मद साजिद और नीलामी ठेकेदार पंकज कुमार निवासी जहांगीरपुर तहसील ठाकुरद्वारा के खिलाफ कांठ थाने में तहरीर दी। एसएचओ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि तहसील के आधार पर प्रधान और ठेकेदार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इधर इस प्रकरण में क्षेत्रीय लेखपाल अली हुसैन की भी भूमिका संदिग्ध होने पर एसडीएम ने उसे निलंबित कर दिया है।
..फोटो सं. 07
ग्राम समाज की भूमि में नीलाम किए गए पेड़ों से अधिक पेड़ कटवाने का मामला संज्ञान में आने पर गहनता से जांच कराई थी। जिसमें शिकायत सही पाई जाने पर क्षेत्रीय लेखपाल की ओर से ग्राम प्रधान और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। भूमिका संदिग्ध होने पर संबंधित लेखपाल को भी निलंबित कर दिया गया है।-संत दास पंवार, एसडीएम, कांठ