मुरादाबाद। दोस्तों के साथ पालेज पर तरबूज खाने गया इंटरमीडिएट का छात्र नहाते समय रामगंगा नदी में डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे के बाद छात्र के शव को नदी से बाहर निकाला। परिजनों ने कार्रवाई कराने से इनकार कर शव को सुपुर्दे खाक कर दिया है।
कांठ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर का रहने वाला वानिश (17) पुत्र आलमगीर इंटरमीडिएट का छात्र था। शनिवार को वह अपने दोस्त शुऐब, हन्नी आदि के साथ क्षेत्र में महलकपुर घाट पर रामगंगा नदी के पुल के पास पालेज पर तरबूज खाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने पालेज पर पहुंचकर दोस्तों के साथ पहले तरबूज खाए और उसके बाद रामगंगा नदी में नहाने लगा। दोस्तों ने बताया कि पानी की तेज धार से वानिश गहराई में चला गया। उसे डूबता देखकर शुऐब, हन्नी ने शोर मचाया तो आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे। सूचना पर वानिश के परिजन और तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। उसकी तलाश के लिए गोताखोरों को नदी में उतारा गया। करीब डेढ़ घंटे के बाद वानिश को नदी निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। वह उसके शव को घर ले आए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई करने से मना कर शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।