मुरादाबाद। स्वास्थ्य विभाग के कुछ डॉक्टर मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद आयुष्मान आरोग्य मेले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। रविवार को अमर उजाला ने पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की पड़ताल की स्थिति सामने आई। चाऊ की बस्ती और शिवनगर करूला पीएचसी पर प्रभारी डॉक्टर तैनात नहीं मिले।
फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन के भरोसे मरीजों को छोड़ दिया गया। जबकि मझोला पीएचसी पर प्रभारी डॉ. इंदु मदान, रहमतनगर करूला पीएचसी पर डॉ. आकाश और मियां कॉलोनी पीएचसी पर डॉ. राजवीर सिंह दोपहर तीन बजे के बाद भी बैठे मिले। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग हर रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान आरोग्य मेलों का आयोजन करता है। डॉक्टरों को सुबह आठ से शाम चार बजे तक बैठने के निर्देश हैं। सोमवार को दोपहर तीन बजे चाऊ की बस्ती केंद्र पर प्रभारी डॉ. अर्चना अग्रवाल नहीं मिलीं। वहां फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स आदि तैनात मिले। वहीं साढ़े तीन बजे शिवनगर करूला पीएचसी पर प्रभारी डॉ. नायाब मलिक छुट्टी पर थे। स्टाफ ने बताया कि उनके स्थान पर डॉ. अभिषेक की ड्यूटी है, जोकि मौके पर नहीं थे।
वर्जन
इस मामले में सीएमओ से जानकारी ली जाएगी कि डॉक्टर मौके पर क्यों नहीं थे। इसके बाद नियमानुसार कदम उठाएंगे।
- डॉ. आशु अग्रवाल, अपर निदेशक, स्वास्थ्य