मुरादाबाद के कांठ थाना इलाके में तीन दिन से लापता मासूम छात्रा की दरिंदगी के बाद गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। शनिवार को परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में छात्रा के शव को गमगीन माहौल में दफना दिया। वहीं, इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम सुराग हाथ लगे हैं।
कांठ कस्बे के एक मोहल्ला निवासी मछली विक्रेता की सात वर्षीय बेटी कक्षा दो की छात्रा थी। वह 22 दिसंबर की शाम करीब चार बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश के बाद बृहस्पतिवार को थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
शुक्रवार की शाम चार बजे छात्रा का रक्तरंजित शव अर्द्धनग्न अवस्था में उसके घर से करीब 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। शनिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद कपड़े से गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में बच्ची के शव को दफना दिया गया।
कांठ सीओ महेशचंद्र गौतम के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें इस घिनौनी घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई हैं। शनिवार को पुलिस ने कस्बे में कई जगह सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके जरिये पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। कांठ के सीओ महेशचंद्र गौतम ने बताया कि केस में हत्या, दुष्कर्म समेत धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लग गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।