मुरदाबाद। संभल में उपद्रव के दौरान गोली लगने से घायल दो युवकों को मुरादाबाद जिला अस्पताल लाया गया। 19 वर्षीय अयान के पेट में व 22 वर्षीय वसीम के कूल्हे में गोली लगी थी। दोनों संभल के थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटगर्वी में मौलवी साहब की मस्जिद के पास रहते हैं।
दोनों आपस में चाचा-भतीजे हैं। उनके परिवार के ही नसीम दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज यादव ने बताया कि दोनों मरीजों का एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड किया गया। अयान के पेट में गोली लगने के कारण लगातार खून बह रहा था, लिहाजा उपचार देने के बाद उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसी समय परिजन वसीम व अयान दोनों को लेकर चले गए। उन्हेें टीएमयू में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि रविवार रात 10 बजे टीएमयू में अयान की मौत हो गई। वसीम की हालत गंभीर बनी हुई है।
पांच मिनट के दंंगे में चली गई जीवनभर की पूंजी : नसीम
संभल के मोहल्ला कोटगर्वी निवासी अयान के शव का पंचनामा कराने में मौसेरे भाई नसीम देर रात तक पुलिस के साथ रहे। नसीम ही अयान व वसीम को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अयान का घर जामा मस्जिद से महज 50 मीटर की दूरी पर है। उपद्रव के दौरान अयान व वसीम अपनी गली के बाहर खड़े थे। भीड़ के बीच से अचानक पथराव हुआ और गोलियां चलीं तो दोनों को भागने का मौका तक नहीं मिला। यह सब घटना क्रम पांच मिनट के अंदर हो गया। पांच मिनट के दंगे में अयान के मां-बाप की जिंदगीभर की पूंजी चली गई। गमगीन नसीम ने रुंधे गले से बताया कि अयान के अलावा चार भाई और हैं, लेकिन वह छोटा होने के कारण परिवार में सबका दुलारा था। वह संभल के ही एक होटल में काम करता था।