शाहबाद। बाइक सवार तीन युवकों की गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ंत हो गई थी। इस भिड़ंत में एक बाइक सवार की घटना स्थल पर हो गई थी। जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल जाते समय एक घायल युवक की मौत हो गई। तीसरे का उपचार चल रहा है।
बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र के मोहलिया गांव निवासी सर्वेश (30), राजीव और राजेंद्र बाइक पर सवार होकर मेहमानदारी में गए हुए थे। बृहस्पतिवार रात को बाइक सवार तीनों लोग जनपद संभल के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के धर्मपुर से रिश्तेदारी में से वापस आ रहे थे। आते समय शाहबाद चंदौसी रोड स्थित लश्कर गंज मोड़ पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में बाइक सवार सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल राजीव और राजेंद्र को शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया था।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करके राजीव और राजेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। उपचार के लिए ले जाते समय घायल राजीव की भी मौत हो गई। उधर दुर्घटना की सूचना परिजनों को दी गई। सूचना पाकर परिजन भी रामपुर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने मृतक सर्वेश और राजीव के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया था।