शाहबाद। ट्यूबवेल का तार टूट जाने के बाद उसे ठीक करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार लोग झुलस गए। चारों को सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन ग्रामीणों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
तहसील क्षेत्र के गुलड़िया कलां गांव निवासी किशन लाल के ट्यूबवेल की तार किन्ही कारणों से गिर गया था। शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे किसान किशन लाल, बबलू और चकरपुर कदीम गांव निवासी सुरेंद्र व नन्हे गिरे ट्यूबवेल का तार ठीक कर रहे थे। तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार ट्यूबवेल के तार स्पर्श कर गया। तार के स्पर्श होते ही ट्यूबवेल की लाइन में करंट उतर आया। चारो लोग करंट की चपेट में आ गए। गनीमत यह रही कि जैसे ट्यूबवेल की लाइन ग्यारह हजार की एचटी लाइन से स्पर्श हुई। वैसे ही ट्यूबवेल का तार नीचे गिर गया। पल भर में चारों लोग चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग आननफानन सभी घायलों को शाहबाद सीएचसी ले आए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बबलू, नन्हे और सुरेंद्र को रेफर कर दिया।