शहर में कई ऐसे परिवार हैं, जो अमेरिका के कन्सास सिटी में नस्लीय टिप्पणी के विरोध में भारतीय इंजीनियर की हत्या से सहमे हुए हैं। इन परिवारों के बच्चे अमेरिका के अलग-अलग शहरों में जॉब कर रहे हैं और अपने परिवार के साथ लंबे समय से रह रहे हैं।
घटना के बाद हर किसी ने फोन पर अपनों का हाल जाना, जवाब में सब कुछ ठीक मिला तो दिल को सुकून मिला। अमेरिका में अच्छी खासी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं। शहर के कुछ परिवारों का भी अमेेरिका से नाता हैै। ये नाता वहां रह रहे बच्चों के वास्ते से है।
कोई अमेरिका में बतौर इंजीनियर डटा हुआ है कोई डाक्टर बनकर। कुछ दूसरे जॉब में हैं। लेकिन बार में बैठे भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोतला की हत्या के बाद शहर के लोग अपनों की सलामती को लेकर भयभीत हैं। घटना के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर परिजनों की फिक्रमंदी बढ़ गई है।