कांठ। अमरोहा सड़क पर बसे विकास खंड छजलैट के बड़ी आबादी वाले गांव पैगंबरपुर में जगह-जगह सड़क के किनारे लगे कूड़े के ढेर और गांव में कीचड़ से भरी नालियां मिशन की पोल खोल रहे हैं।
अमरोहा मार्ग पर ही आबादी के बीच गजेंद्र सिंह के मकान के बराबर में कूड़े का ढेर लगा है। अनदेखी का आलम यह है कि इस ढेर में एक सरकारी हैंडपंप भी दबता जा रहा है। गांव के विक्की ने कहा कि अनेकों बार मांग के बाद भी इसे हटवाया नहीं गया है। बदबू की वजह से घर में भी रुकना दुश्वार हो गया है। पंचायत भवन के सामने भी सफाई नहीं है। कंपोजिट विद्यालय के सामने और दर्जियों वाली गली की नालियों में कीचड़ भरी है। गांव के गालिब, सहाना, सलमान, जसुद्दीन ने कहा कि नालियों की रोज सफाई नहीं होती। सफाई कर्मी आता भी है तो सिल्ट निकाल कर ऐसे ही छोड़ जाता है। गली में कई नालियां टूटी भी हैं। कई बार इन्हें बनवाने को कहा गया मगर ध्यान नहीं दिया जाता। मुजम्मिल और आबिद ने कहा कि पानी की सप्लाई ओवरहेड टैंक से न करके सीधे नलकूप से दी जा रही है। प्रेशर कम होने से टोंटियों में पूरा पानी नहीं आता। इन्होंने कहा कि पाइप लाइन बिछाने के बाद ठीक से मरम्मत न किए जाने से गांव की सड़कें खराब हो गई हैं।