मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार कार को टक्कर मारकर अज्ञात वाहन फरार हो गया, जिससे कार में सवार मस्जिद के इमाम और महिला कांस्टेबल समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार ड्राइव कर रहा महिला का कांस्टेबल पति गंभीर रूप से घायल है।
राहगीरों और पुलिस ने शवों को बमुश्किल कार से बाहर निकाला। हादसा इतना दर्दनाक था कि देखने वाले हर व्यक्ति के मुंह से आह निकल गई। कार सवार लोग छजलैट के कॉलेज में मोअल्लिम (उर्दू) की परीक्षा देने के लिए जा रहे थे।
मंगलवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे छजलैट क्षेत्र में मुरादाबाद हाईवे पर कैंप की पुलिया के पास स्थित ढाबे के सामने मुरादाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार एक अज्ञात वाहन से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार मोहम्मद कासिम (20) पुत्र हमीद हुसैन निवासी अल्लापुर भीकम थाना मैनाठेर, गुलिस्ता (20) पुत्री खलील अहमद, अंजुम (17) पुत्री हसनैनी निवासी चक्कर की मिलक मुरादाबाद, शबनम (28) पत्नी नाजिम निवासी ओल्ड पुलिस लाइन बरेली की मौके पर मौत हो गई।
शबनम का पति नाजिम पुत्र (28) निवासी मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। दुघर्टना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने क्रेन और लोगों की मदद से घायल व मृतकों को बाहर निकाला।
घायल नाजिम को उपचार के लिए कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। खबर मिलने पर सभी के परिजन मोर्चरी पर पहुंच गए थे। चार-चार मौत होने से मोर्चरी पर हर ओर कोहराम मचा था।
मृतकों में मोहम्मद कासिम चक्कर की मिलक स्थित एक मस्जिद में इमामत करते थे। मृतका शबनम और घायल पति नाजिम पुलिस लाइन मुरादाबाद में कांस्टेबल पद पर कार्यरत थे। दोनों 2011 में पुलिस में भर्ती हुए थे। शबनम और नाजिम पुलिस लाइन मुरादाबाद में रहते हैं।
इसीलिए उनकी जान पहचान शेष तीनों मृतकों से थी। नाजिम को छोड़कर सभी मृतक छजलैट स्थित सूफिया ईरम इंटर कॉलेज में मोअल्लिम की परीक्षा देने के लिए कार से जा रहे थे। नाजिम ही कार ड्राइव कर रहा था। वह चारों मृतकों को परीक्षा दिलाने ले जा रहा था। नाजिम की हालत शाम तक गंभीर बताई जा रही थी।