मुरादाबाद। एमडीए के प्रवर्तन दल ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर की गई करीब 45 बीघा की प्लाॅटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। प्रवर्तन दल का कहना है कि ये प्लाॅटिंग अवैध ढंग से की गई थी।
एमडीए के प्रवर्तन दल के अनुसार गजरौला विकास क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुमराला पुलिस चौकी के पास करीब 10 बीघा भूमि पर एहसान अली, रक्षपाल, रामस्वरूप और हरस्वरूप ने अवैध ढंग से प्लाॅटिंग की थी। प्राधिकरण के दस्ते ने अवैध प्लाॅटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा ग्राम कृपानाथपुर में योगराज एवं देवेंद्र उपाध्याय ने करीब छह बीघा भूमि पर और खचेडू सिंह ने करीब तीन से चार बीघा भूमि पर अवैध प्लाॅटिंग की थी।
इसके अलावा सुरेश चंद ने ग्राम- तेजवन, धनौरा रोड पर लगभग छह बीघा भूमि पर और देवेंद्र सिंह ने 20 बीघा भूमि पर अवैध ढंग से प्लॉटिंग की थी। जांच के बाद प्राधिकरण के दस्ते ने सभी निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण अभियान में जोन प्रभारी निर्देश तोमर के साथ सब जोन प्रभारी उपस्थित रहे।