मकान के तहखाने में बन रही थी अवैध शराब। एक दूसरे को बचाने में चली गई चार लोगों की जान। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से तहखाना तोड़ा। मरने वालों में पिता, उसके दो बेटे और नौकर शामिल।
मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र के राजपूत केसरिया गांव में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। चारों की लाश मकान के तहखाने में मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी से तहखाने को तोड़ा।
विज्ञापन
पुलिस की जांच में सामने आया कि गृहस्वामी राजेंद्र सिंह का नौकर किसी काम से तहखाने में गया था, लेकिन काफी देर बाद भी जब वह ऊपर नहीं आया तो राजेंद्र सिंह उसे खोजने के लिए तहखाने में उतर गए। अंदर जाते ही राजेंद्र बेहोश होकर गिर गए।
काफी समय बीतने के बाद बेटे हरकेश और पीतम पिता और नौकर को खोजने के लिए तहखाने में उतरे। वहां पहुंचते ही दोनों बेटे भी बेहोश होकर गिर पड़े। राजेंद्र सिंह के तीसरे बेटे ब्रह्मपाल ने बताया कि जब चारों लोग वापस नहीं आए तो वह मास्क लगाकर नीचे उतरे।
विज्ञापन
तहखाने का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। तीनों पिता-पुत्र के साथ ही नौकर भी वहां बेहोश पड़ा हुआ था। किसी तरह से ब्रह्मपाल ने चारों को तहखाने से बाहर निकाला और निजी चिकित्सक के पास ले गए। डॉक्टर ने चारों को मृत घोषित कर दिया गया।
जांच में पता चला कि मकान के तहखाने में अवैध रूप से शराब तैयार किया जा रहा था। गृह स्वामी राजेंद्र एक साल पहले अवैध शराब की तस्करी में जेल जा चुका है। डीआईडी शलभ माथुर, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसएसपी पवन कुमार मौके पर पहुंच गए। डीआईजी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। इस पूरे प्रकरण से जुड़े जितने भी लोग हैं उन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।