मुरादाबाद। शहर में बिना नक्शा पास कराए भवन बनाने और अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों पर अब एमडीए तकनीक के जरिए नजर रखेगा। इसके लिए एआई और मशीन लर्निंग आधारित निगरानी व्यवस्था अपनाई जा रही है। इसमें इसरो के सैटेलाइट डाटा की मदद से शहर का डिजिटल बेस मैप तैयार किया जाएगा। हर तीन महीने में नए और पुराने नक्शों का कंप्यूटर से विश्लेषण कर निर्माण गतिविधियों में हुए बदलाव चिह्नित किए जाएंगे।
एमडीए की इस पहल में लखनऊ स्थित रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर (आरएसएसी) तकनीकी सहयोग दे रहा है। पहले चरण में करीब 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को पायलट प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। इसमें शिवालिक टाउनशिप, सह्याद्रि योजना सोनकपुर, गोविंदपुरम योजना मंगूपुरा और मनोहरपुर, लाकड़ी फाजलपुर, मैनाठेर, चकफैजुल्लापुर, अगवानपुर, काजीपुरा से संभल रोड तक का क्षेत्र शामिल है।
सैटेलाइट तस्वीरों की तुलना से नए निर्माण का क्षेत्रफल और स्थिति सामने आएगी। एमडीए वीसी अनुभव सिंह ने बताया कि विशेष मोबाइल एप के माध्यम से संबंधित स्थान की जानकारी एमडीए के कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी। अधिकारी वहां कर्मचारियों को जांच के लिए भेजेंगे। कर्मचारी मौके पर जाकर निर्माण की स्थिति का सत्यापन करेंगे और ऑनलाइन रिपोर्ट देंगे। अवैध निर्माण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था से कर्मचारियों की कमी के बावजूद बड़े क्षेत्र की निगरानी आसान होगी। साथ ही फील्ड कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय होगी।