ठाकुरद्वारा। नगर में स्योहारा मार्ग पर अवैध बस स्टैंड, ई रिक्शा स्टैंड और अतिक्रमण लोगों के लिए सर दर्द बन गया है। शनिवार को फिर नगर क्षेत्र में इस स्थिति के चलते फिर पूरे दिन चार किमी लंबा जाम लगा रहा लेकिन अधिकारी जाम लगने से जनता को हो रही परेशानी को लेकर गंभीर नहीं है। प्रशासन के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को नगर पालिका पर डाल रहे हैं। पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते शनिवार को तिकोनिया से लेकर जसपुर मोड़ तक करीब चार किमी लंबा जाम लगा रहा। लंबे जाम में सैकड़ो वाहन और यात्री फंसे रहे। एसडीएम और तहसीलदार की गाड़ी भी जाम में फंस गई। इस पर तहसीलदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाने का प्रयास किया। जाम खुल जाता था लेकिन कुछ देर बाद फिर लग जाता था यह स्थिति पूरे दिन बनी रही। इस मार्ग पर इस समय बाबू रामपाल द्वार के पास सड़क पर स्योहारा, सुरजननगर, जसपुर कांठ के लिए निजी बसों के स्टैंड अवैध रूप से चल रहे है। वही इस मार्ग पर कमालपुरी चौराहे पर ई रिक्शा स्टैंड, निजी बस स्टैंड, कदीर तिराहे पर पिकअप स्टैंड, तिकोनिया पर अवैध निजी बस स्टैंड चल रहे हैं। इसके अलावा सड़कों के दोनों तरफ ठेले और खोखे रखकर भी अवैध कब्जा किया गया है। नगर के बाजारों में भी सड़क पर लगने फड़ो और ई-रिक्शाओं के कारण भी हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। पुलिस प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। पुलिस सिर्फ चालान कर मामला रफा-दफा कर देती है। अतिक्रमण करने वाले 50 रुपये की रसीद कटवा कर कई माह तक सड़क पर अतिक्रमण करते रहते हैं। इस बारे में एसडीएम प्रीति सिंह ने कहा कि यहां पर कोई स्थाई नगर पालिका का अधिशासी अधिकारी नहीं है। जिसके चलते इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उनसे कहा कि अन्य तरीकों से भी समस्या का निराकरण हो सकता है तो उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस से बात करेंगी।