इस्राइल में चल रहे भीषण युद्ध के बावजूद शहर के निर्यातकों को बड़ी संख्या में हस्तशिल्प उत्पाद के ऑर्डर मिल रहे हैं। आईएचजीएफ दिल्ली मेले में इस्राइल से करीब 100 ग्राहक आए। निर्यातकों ने बताया इस्राइली ग्राहकों ने पीतल के नक्काशीदार गिलास, हुक्का और एल्युमिनियम के फोटो फ्रेम को खूब पसंद किया।
ईपीसीएच के अध्यक्ष दिलीप वैद ने बताया कि मेले में ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया, यूएसए, अमेरिका, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका के भी खरीदार आए थे। ग्राहकों ने प्रदर्शनी में होम फर्नीशिंग, फर्नीचर, सजावटी सामान, लैंप एंड लाइटिंग, क्रिसमस और फेस्टिव डेकोर, फैशन जूलरी, गार्डन एसेसरीज उत्पाद भी पसंद किया है।
आईएचजीएफ मेले के चौथे दिन सभा के दौरान ईपीसीएच के महानिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि दिल्ली मेला अनुकूल उम्मीदों के साथ अपने समापन की ओर बढ़ रहा है। अब तक प्रमुख आयातक देशों से कई खरीदार, समूह और शिष्टमंडल मेले का दौरा कर चुके हैं। मेले में सस्टेनेबल होम, लाइफस्टाइल, फैशन, फर्निशिंग और फर्नीचर उत्पादों की रेंज हर सीजन के साथ बढ़ रही है।
मेले में प्रदर्शक और आपूर्तिकर्ता अपने नवाचारों के जरिए एक अधिक टिकाऊ और मूल्यों पर आधारित भविष्य को बढ़ावा देने के लिए समर्पित हैं। इस मौके पर ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक आरके वर्मा, मेला अध्यक्ष गिरीश के अग्रवाल समेत आदि लोग मौजूद रहे।
मेले के चौथे दिन इस्राइल के प्रमुख शहरों के करीब 100 ग्राहक आए थे, जो उम्मीद से काफी ज्यादा हैं। जिले के निर्यातकों को कई ऑर्डर मिले हैं। पांचवें दिन इस्राइल से और अधिक ऑर्डर मिलने की भी उम्मीद है। - नवेदुर्रहमान, अध्यक्ष, एमएचईए