मुरादाबाद। मूंढापांडे ब्लॉक में स्थित एडब्ल्यूसी इंटर कॉलेज करनपुर और रियासत हुसैन इंटर कॉलेज गोविंदपुर समेत जिले के कई कॉलेज बिना मानक के बेरोकटोक चल रहे हैं। एडब्ल्यूसी इंटर कॉलेज के बेसमेंट में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए एक ही रास्ता है। ऐसे में अगर कभी यहां कोई बड़ा हादसा होता है तो विद्यार्थियों की सुरक्षा कर पाना मुश्किल भरा हो सकता है।
एडब्ल्यूएस इंटर कॉलेज में एक हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं। बेसमेंट में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। कक्षाओं का आकार नियमानुसार नहीं है। कॉलेज में कोई खेल का मैदान नहीं है। छात्र-छात्राओं के आने-जाने के लिए कॉलेज में पांच से छह मीटर की गली है। गली के दोनों ओर छोटे-छोटे कमरे हैं। दो साल पहले इस कॉलेज की शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जांच कर रिपोर्ट सौंपी गई थी लेकिन कोई खास कार्रवाई नहीं हुई। यू-डायस के अनुसार, कॉलेज में पिछले सत्र में 1148 विद्यार्थी थे।
00
काॅलेज में भरता है पानी
- रियासत हुसैन इंटर कॉलेज गोविंदपुर की दीवारों से प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। बारिश होने पर कॉलेज में पानी भर जाता है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इसके बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।
00
-अभी तक यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। कॉलेज की मान्यता समेत अन्य मानकों की जांच कराई जाएगी। खामियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।- देवेंद्र कुमार पांडेय, डीआईओएस, मुरादाबाद