मुरादाबाद। संभल में हुए बवाल के दाैरान उपद्रवियों ने जिस तरह दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा, उससे उनकी मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। मोहल्ला कोट पूर्वी में सोमवार को जब स्थिति कुछ सामान्य हुई तो अपनी दुकानों की स्थिति का जायजा लेने दुकानदार भी पहुंच गए। दुकानदारों का कहना था कि उपद्रवियों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए ताकि उनका उपद्रव सामने न आ सके।
दुकानदारों ने कहा कि रविवार को बवाल होने के कारण दुकानें नहीं खोली थीं। रात में कार घर के बाहर खड़ी छोड़ दी थी, सुबह बवाल में वह आग के हवाले हो गई। सोमवार सुबह जब नगर पालिका की टीम ने जामा मस्जिद के आसपास सफाई की तो ट्रॉली भरकर पत्थर व चप्पलें हटाई गईं।
स्थानीय निवासी अनवर की कार का शीशा भी पत्थरबाजी से बुरी तरह चटक गया। लोगों का कहना था कि किसी को आशंका नहीं थी कि ऐसा उपद्रव होगा। जामा मस्जिद के आसपास 500-700 मीटर की परिधि में सड़कों, घरों की दीवारों पर हिंसा की कई निशानियां हैं।