मुरादाबाद। कोरोना की आशंका होने पर अगर आपने रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाया है तो रिपोर्ट के लिए परेशान होने की कतई जरूरत नहीं है। टेस्टिंग के बाद यदि सीएमओ कार्यालय से कोई फोन नहीं आता है तो समझिए आपकी रिपोर्ट निगेटिव है। फोन उन्हीं लोगों को किया जा रहा है जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। निगेटिव की रिपोर्ट नहीं मिलने से आपको कोई आशंका है तो आरटीपीसीआर सैंपल का विकल्प भी आपके लिए खुला है। आरटीपीसीआर सैंपल की निगेटिव और पॉजिटिव दोनों ही रिपोर्ट जारी होती है।
संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए 25 जुलाई से रैपिड एंटीजन टेस्टिंग की शुरूआती हुई है। रैपिड एंटीजन टेस्ट की प्रमाणिकता आरटीपीसीआर की तुलना में कम है। इसलिए आईसीएमआर ने एंटीजन टेस्ट में निगेटिव आने वालों के आरटीपीसीआर टेस्ट करवाने के निर्देश भी दिए हैं। मुरादाबाद में आठ ब्लाकों और शहर को सात जोन में बांटकर एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं। 18 दिनों में 29308 लोगों के टेस्ट हो चुके हैं। इनमें 28377 निगेटिव और 931 लोग संक्रमित आ चुके हैं। संक्रमितों में 391 मरीज पुलिस लाइन, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल और पुलिस ट्रेनिंग कालेज से मिले हैं।
एंटीजन की सैंपल रिपोर्ट आधे घंटे में आ जाती है। यदि कोई पॉजिटिव आता है तो सीएमओ कार्यालय से सर्विलांस टीम का संक्रमित व्यक्ति को फोन चला जाता है। मरीज के लक्षण के आधार पर उसे होम आइसोलेट या अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ रही है उनको न तो फोन से सूचना दी जा रही है और न ही रिपोर्ट मिल रही है। लोग बेवजह परेशान हो रहे हैं। रिपोर्ट की पूछताछ के लिए सीएमओ कार्यालय और जोन के प्रभारियों को फोन कर रहे हैं। कई लोग रिपोर्ट लेने सीएमओ कार्यालय तक पहुंच रहे हैं।
लोगों की पूछताछ के बाद सीएमओ कार्यालय में जगह-जगह पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। पोस्टर में स्पष्ट उल्लेख किया गया है एंटीजन की रिपोर्ट नहीं दी जाती है। टेस्टिंग के दौरान भी लोगों को बताया जा रहा है कि अगर सीएमओ कार्यालय से कोई फोन नहीं आए तो खुद की रिपोर्ट को निगेटिव समझ लें। कार्यालय से फोन सिर्फ पॉजिटिव मरीजों को किया जा रहा है।
- एंटीजन टेस्टिंग की संख्या लगातार बढ़ रही है। निगेटिव रिपोर्ट देना और फोन करके बताना संभव नहीं है। इसलिए टेस्ट कराने के बाद जिन लोगों को शाम तक सीएमओ कार्यालय से कोई फोन नहीं आता है वो खुद को निगेटिव मान लें। इसके बाद भी कोई आशंका है तो आरटीपीसीआर सैंपल करवा सकते हैं।
- डा. एमसी गर्ग, सीएमओ।