इस फ्लाईओवर से गिरकर गई तीनों की जान
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन से अगवानपुर में मंगलवार दोपहर आरओबी पर बाइक अनियंत्रित होने पर बाइक सवार दंपती और उनका दो साल का मासूम बेटा बाइक से उछलकर 40 फीट नीचे जा गिरे। हादसे में तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। वे बिजनौर के रहने वाले थे, परिजनों ने तीनों के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव अंतिम संस्कार के लिए बिजनौर ले गए हैं। दंपती और उनके मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
बिजनौर के स्योहारा स्थित खाईखेड़ा गांव में रहने वाले राजीव कुमार (35) किसान थे। वह अपनी पत्नी नीरू (32) और दो साल के मासूम बेटे लव के साथ अपाचे बाइक पर मंगलवार को कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में अपनी प्रसूता भतीजी को देखने आए थे। यहां से दोपहर करीब तीन बजेे दंपती और उनका बेटा बाइक पर ही वापस घर जा रहे थे। उनके पीछे अन्य रिश्तेदार भी अन्य बाइक पर जा रहे थे।
पुलिस को लोगों ने बताया कि अगवानपुर स्थित रेलवे ओवर ब्रिज पर अचानक राजीव की बाइक अनियंत्रित होकर आरओबी की साइड वॉल से टकराई, बाइक से उछलकर दंपती और उनका बेटा लगभग 40 फीट ऊंचे आरओबी से नीचे जा गिरे। बाइक पुल के ऊपर ही रह गई। हादसा देख पीछे आ रहे अन्य रिश्तेदार और राहगीर मौके पर रुके। कंट्रोल रूम में सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंची।
सड़क पर लहूलुहान हालत में पडे़ तीनों लोगों को को एंबुलेंस के जरिए कॉसमॉस अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस भी अस्पताल पहुंची। परिजनों ने शवों को अंतिम संस्कार कराने से इंकार कर दिया। दंपती और उनके बेटे के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजन बिजनौर ले गए हैं।
एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों ने हादसे की जानकारी दी है, हादसे की एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। परिजनों ने बताया है कि हादसा बाइक अनियंत्रित होने के कारण हुआ है, शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी। उधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि आरओबी पर कई खतरनाक मोड़ हैं, जिस वजह से वाहन कई बार अनियंत्रित हुए हैं।