तीन दिन पहले कांठ से लापता हुए जींस कारीगर मोहम्मद आसिफ को ठेकेदार ने अपने भाई के साथ मिलकर नृशंसता से मार डाला। आसिफ उसी के यहां काम करता था। हत्या के पीछे अवैध संबंधों की कहानी उजागर हुई है। गिरफ्तार किए गए जींस ठेकेदार राशिद ने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर को उसने अपने घर में बीवी और आसिफ को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।
इसके बाद उसने आसिफ को ठिकाने लगाने का इरादा कर लिया था। वह आसिफ को घर से बुलाकर ले गया और गर्दन रेतने के बाद चेहरा पेट्रोल से फूंक दिया ताकि शिनाख्त न हो। गिरफ्तार जींस ठेकेदार और उसके छोटे भाई साजिद की निशानदेही पर मारे गए आसिफ की लाश बुधवार आधी रात अमरोहा जिले में नौगावां सादात के जंगल से बरामद कर ली गई।
क्या था मामला
कांठ के मोहल्ला मोढ़ा पट्टी निवासी मोहम्मद आसिफ (19) पुत्र मोहम्मद साबिर कस्बे में ही मोहल्ला पृथीगंज में ठेकेदार राशिद पुत्र मुन्ने के यहां रेडीमेड कपड़ों की कटिंग का कार्य करता था। आसिफ को सोमवार सुबह करीब छह बजे राशिद उसके घर से बुलाकर ले गया था। तभी से वह लापता था।
पुलिस ने राशिद और उसके भाई साजिद को उठाकर पूछताछ की तो दोनों ने आसिफ की हत्या की बात कबूल कर ली। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने पड़ोसी जिले अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव चंद्रकुटी की मढै़या के निकट राम गंगा पोषक नहर के पास झाड़ियों से आसिफ की अधजली लाश बरामद कर ली।
राशिद ने पुलिस को बताया कि आसिफ लगातार उसकी पत्नी के संपर्क में था। कई बार समझाया भी लेकिन वह नहीं माना। राशिद ने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर को वह घर पहुंचा तो उसने अपनी आंखों से पत्नी को आफिस के साथ निर्वस्त्र हालत में देख लिया। तब वह बिना कुछ कहे घर से निकल आया और फोन करके अपने भाई साजिद को दिल्ली से बुला लिया। इसके बाद हत्या की साजिश रची और घर से ले जाकर आसिफ को मार डाला।
चलते ट्रक पर फेंका आसिफ का मोबाइल
पुलिस को गुमराह करने के लिए राशिद ने आसिफ का मोबाइल फोन एक चलते ट्रक पर रख दिया ताकि पुलिस को उसकी गलत लोकेशन मिलती रहे। राशिद तीन दिन तक पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन अंत में टूट गया और सच उगल दिया।