पत्नी ने पति को अपने मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताया तो पति ने अपनी पत्नी की नाक और मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद इस व्यक्ति ने खुद ही पुलिस को फोन कर बुलाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
छजलैट थानाक्षेत्र के सीतापुर गांव निवासी इमरान ने वर्ष 2014 में कटघर थानाक्षेत्र के हयात नगर में रहने वाली नेहा से प्रेम विवाह किया था। दंपती के तीन साल की एक बेटी है। वर्तमान में ये ताजपुर माफी में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। यहां पर ही इमरान एक फर्म में बतौर कारीगर नौकरी करता है।
सीओ कटघर सुदेश गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब साढे़ पांच बजे इमरान ने 100 नंबर पर फोन कर अपनी पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पीआरवी ताजपुर माफी पहुंची। खुद मौके पर पहुंचे सीओ के मुताबिक आरोपी ने बाद में बताया कि रात करीब दो बजे उसे लगा कि पत्नी उसके एक रिश्तेदार युवक से मोबाइल पर बात कर रही है।
शक होने पर उसने कॉल डिटेल चेक करने के लिए मोबाइल छीन लिया लेकिन मोबाइल में पासवर्ड लगा था। नेहा से पासवर्ड पूछा तो उसने बताने से इंकार किया। इसी बात पर झगड़ा हुआ।
रात ढाई बजे इमरान ने अपनी सास साजिदा को फोन पर इस बारे में बताया। साजिदा ने कहा कि अभी रात हो रही है वह सुबह आ जाएंगे। इसके बाद भी झगड़ा और बढ़ गया। इमरान ने नेहा के मुंह और नाक पर अपनी हथेली जमा दी। कुछ ही देर में नेहा ने दम तोड़ दिया। कुछ समय बीतने के बाद जब गुस्सा शांत हुआ तो इमरान ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने नेहा के मायके वालों को सूचना दी।
बेटी उमेरा को नेहा के मायके वाले अपने घर ले आए। इस मामले में नेहा के पिता हनीफ ने इमरान के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोप है कि शादी के बाद दहेज में बाइक और रुपये की मांग आरोपी करता था। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसने नेहा की हत्या कर दी है।
सीओ कटघर सुदेश गुप्ता ने बताया कि नेहा का मोबाइल कब्जे में लिया गया है जिसका लॉक खुलवाने की कोशिश की जा रही है। जरूरत पड़ी तो इसके लिए दिल्ली के एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी।