मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति पर मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला ने बताया कि उसका निकाह दो साल पहले चक्कर की मिलक निवासी युवक के साथ हुआ था।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति नशे का आदी है। पति ने दहेज में मिला सामान बेच दिया है। अब पति दो लाख रुपये मायके से लाने के लिए दबाव बना रहा है। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की।
इसके बाद महिला अपने मायके चली गई थी। आरोप है कि 24 मई की शाम करीब पांच बजे पति महिला के मायके पहुंच गया और फिर से दो लाख की मांग की। मना करने पर मारपीट कर तीन तलाक दे दिया। इसके बाद आरोपी अपने घर चला गया। एसएसपी ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। ब्यूरो