अगवानपुर। अगवानपुर बाईपास पर बृहस्पतिवार को खनन के डंपर की टक्कर से बाइक सवार पति पत्नी घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को कांठ रोड पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से गुस्साए लोगों ने पेट्रोल पंप के समीप डंपर चालक को पकड़कर सिविल लाइंस पुलिस के हवाले कर दिया।घायलों के परिजनों ने हादसे के विरोध में खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को मांग की है।
अगवानपुर के मोहल्ला सराय फारुख निवासी शावेज सऊदी अरब में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह दो माह पहले ही सऊदी अरब से आए थे। बृहस्पतिवार को वह पत्नी को साथ लेकर बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान अगवानपुर बाईपास पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पति पत्नी घायल हो गए। इस हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया। राहगीरों ने घायलों को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से नगर के पेट्रोल पंप के पास चालक समेत डंपर को पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने खनन के खिलाफ विरोध प्रकट किया। विरोध की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस कर्मी चालक और डंपर को चौकी पर लेकर चले गए। चौकी प्रभारी मृदुल कुमार का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। फिलहाल उनको लिखित शिकायत नहीं मिली है।