मुरादाबाद। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत पिछले 11 महीने में जिले के सिर्फ 1718 लोगों को लोन दिया गया है। जबकि शासन से अधिकारियों को सीएम युवा के तहत 31 मार्च तक 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया गया है। अब अधिकारियों के बीच डेढ़ महीने में 1082 लोगों को लोन देने की एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत छोटे, मझोले उद्योग लगाने के लिए जिले के 2800 लोगों को 31 मार्च 2026 तक लोन देने का लक्ष्य दिया गया है। अभी तक 61 प्रतिशत लोगों को ही लोन दिया गया है। सीएम युवा के तहत जिले के लोगों को जनवरी 2025 से लोन दिया जा रहा है। इसके बावजूद अभी तक करीब 40 प्रतिशत लोगों को लोन नहीं दिया जा सका है। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि सीएम युवा के तहत अब तक जिले के 5086 लोगों ने लोन के लिए आवेदन किया है। बैंकों ने आवेदनों में कमी की वजह से 3034 फॉर्म को रिजेक्ट कर दिया है। इसमें किसी का सिविल ठीक नहीं था तो किसी का डॉक्यूमेंट पूरा नहीं था। इसकी वजह से लोगों को लोन देने में परेशानियां बढ़ गई हैं।
00
क्या है मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान
-जिला उद्योग केंद्र के अनुसार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पांच लाख रुपये तक के लोन पर 10 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जाती है। अगर कोई युवा पांच लाख रुपये से अधिक का लोन लेता है उसे सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा इसमें आवेदन करने वाले आवेदक पर किसी तरह का लोन नहीं होना चाहिए।
00
वर्जन..
- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 2800 लोगों को लोन देने का लक्ष्य है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए 20 फरवरी को मेला लगाया जाएगा। इसमें सभी बैंक शामिल होंगे। इसके लिए बैठक की जा चुकी है। मेले में आवेदकों के कागजात की जांचकर लोन उपलब्ध कराया जाएगा।-दीपेंद्र कुमार, उपायुक्त, उद्योग