मुरादाबाद। जिले में होमगार्ड्स की तीन दिवसीय परीक्षा 25 अप्रैल से शुरू होगी। तीनों दिनों के दौरान दो-दो पालियों में 74 हजार 592 परीक्षार्थी भाग लेंगे। डीएम और एसएसपी ने परीक्षा की तैयारियों की जानकारी ली और पारदर्शिता बरतने के लिए आवश्यक हिदायतें दी हैं।
होमगार्ड्स की परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 28 परीक्षा केंंद्रों पर निर्धारित की गई है। परीक्षा के लिए सुबह की पाली 10 से 12 बजे तक और शाम की पाली तीन से पांच बजे तक होगी। तीनों दिनों तक प्रत्येक पाली में 12432 परीक्षार्थी भाग लेंगे। हर परीक्षा केंद्रों पर दो दो मजिस्ट्रेट की ड्यूटी निर्धारित की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर पुलिस फोर्स तैनात करेगी।
पुलिस लाइन में मंगलवार को इस मामले में डीएम अनुज सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिस फोर्स के साथ बैठक की। परीक्षार्थियों के आवागमन के दौरान कोई वाहन चालक अधिक किराया नहीं वसूलेगा। इसी प्रकार होटलों के लिए किराए आदि को लेकर एडवाइजरी जारी की जाएगी।
एडीएम सिटी ज्योति सिंह ने ड्यूटी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि परीक्षा में पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देना होगा। परीक्षा देने के लिए मंडल के अलावा बरेली और शाहजहांपुर के अभ्यर्थी बस या ट्रेन से आएंगे। 26 अप्रैल को पासिंग आउट परेड भी रहेगी। इस कारण शहर में भीड़ बढ़ सकती है। इस मामले में एसपी यातायात ट्रैफिक को नियंत्रित करने का प्लान पहले से तैयार करेंगे।