मुरादाबाद/कांठ। पंचायत चुनाव के चलते ग्रामीण मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब और कोल्ड ड्रिंक का वितरण करते हुए पुलिस ने छापा मारकर महिला प्रधान पद की प्रत्याशी के पति और एक समर्थक को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने देसी शराब और कोल्ड ड्रिंक को जब्त किया है।
शनिवार की रात छजलैट थाना पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव कूडामीरपुर में महिला प्रधान पद की प्रत्याशी के पति नादिर अली और समर्थक मोहम्मद अली मतदाताओं को लुभाने के लिए देसी शराब और कोल्ड ड्रिंक बांट रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष छजलैट सुनील कुुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 36 देसी शराब के पव्वे, 21 हाफ, 11 अंग्रेजी शराब की बोतलें, दो-दो लीटर की 83 कोल्ड ड्रिंक की बोतलों को जब्त किया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने पकड़े गए प्रधान पद की प्रत्याशी के पति नादिर अली और उसके समर्थक मोहम्मद अली के खिलाफ मतदाताओं को लुभाने, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने आबकारी अधिनियम के साथ-साथ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।