बिलारी। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग उठाई।
सनातन जागरण मंच के तत्वावधान में बजरंगदल, हिंदू जागरण मंच समेत कई अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी बृहस्पतिवार दोपहर नारेबाजी करते हुए तहसील में एसडीएम कार्यालय पर पहुंचे। यहां भी प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि पश्चिम बंगाल में रामनवमी और हनुमान जयंती के मौके पर धार्मिक शोभायात्राओं पर सुनियोजित साजिश के तहत हमले किए गए और मंदिरों में तोड़फोड़ की गई। बीती 12 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज इलाके में एक हिंदू परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। वक्फ संपत्ति विवाद को लेकर हुई हिंसा में उन्मादी भीड़ द्वारा हिंदू पिता पुत्र की निर्मम हत्या कर दी गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मुर्शिदाबाद, बशीरघाट और मालदा जैसे इलाकों में हमले होने के डर की वजह से हिंदू परिवार लगातार पलायन कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल सरकार के दबाव में पुलिस प्रशासन के अधिकारी पीड़ितों की शिकायत दर्ज नहीं कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग उठाई गई कि पश्चिम बंगाल में हुई हिंसक घटनाओं की न्यायिक जांच कराने के साथ ही वहां पर अनुच्छेद 356 के तहत राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
ज्ञापन देने और प्रदर्शन करने वालों में सिद्धार्थ शेखर, रामनिवास शर्मा, नितुल सिरोही, छविराज चावला, संजीव ठाकुर, आकाश शर्मा, कुलदीप सिंह, कैलाश दिवाकर, राकेश प्रजापति, डालचंद मौर्य आदि रहे।