पाकबड़ा। पाकबड़ा में सर्विस रोड पर तीन घंटे भीषण जाम लगा रहा। एंबुलेंस सहित सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि हाईवे पर नहीं, बल्कि सर्विस रोड पर जाम लगा हुआ था। इस जाम को खुलवाने के लिए पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद नहीं थे।
नगर निवासी शाहिद हुसैन, राशिद हुसैन, पवन सिंह, राहुल कुमार, प्रदीप शर्मा, विनीत सिंह ने बताया कि शाम पांच बजे से लेकर रात आठ बजे तक जाम लगा रहा, लेकिन पुलिस कर्मी सूचना मिलने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। इस दौरान कई लोग की हालत बिगड़ गई। जामम में चीख पुकार मची। लोगों ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर किए। अफसरों तक इसकी शिकायत की गई, तब पाकबड़ा थाने की पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कुछ ही मिनट में जाम को खुलवा दिया और लोगों ने राहत की सांस ली थी। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के कारण पुलिस मंगलवार को व्यस्त हो गई थी, लेकिन बुधवार से जाम नहीं लगने दिया जाएगा।