मुरादाबाद। बिलारी के पूर्व एसडीएम के खिलाफ दाखिल परिवाद में मंगलवार को न्यायिक अधिकारी के नहीं आने से सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने अब मामले की अगली सुनवाई आठ अगस्त को निर्धारित की है।
बिलारी के श्योडारा हाउस निवासी फर्नीचर कारोबारी जाहिद अहमद ने कोर्ट में बिलारी के पूर्व एसडीएम घनश्याम वर्मा के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था। आरोप लगाया था कि एसडीएम घनश्याम वर्मा ने निजी प्रयोग के लिए फर्नीचर मंगवाया था। फर्नीचर का पैसा मांगने पर उन्होंने घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी दी थी। तत्कालीन एसडीएम के निर्देश पर उसके घर की बाउंड्री की दीवार गिराई गई। यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में प्रार्थनापत्र देने पर पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। अंत में कारोबारी ने अदालत की शरण ली। मंगलवार को इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनवाई होनी थी। वादी के अधिवक्ता पीके गोस्वामी ने बताया कि न्यायिक अधिकारी के नहीं आने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले की सुनवाई अब आठ अगस्त को निर्धारित की गई है। अगली तिथि को वादी का बयान दर्ज किया जाएगा।