अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुनवाई आज
रामपुर। स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र और दो पासपोर्ट के मामले में शनिवार को कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मुकदमे में सपा नेता आजम खां भी आरोपी हैं। लिहाजा, यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वो शनिवार को कोर्ट के समक्ष पेश हो सकते हैं।
वर्ष 2019 में भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने गंज और सिविल लाइंस थाने में मुकदमे दर्ज कराए थे। जिसमें जन्म प्रमाणपत्र के मामले में थाना गंज में मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मुकदमे में सपा नेता आजम खां, उनकी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम को आरोपी बनाया गया था जबकि, सिविल लाइंस थाने में दर्ज दो पासपोर्ट के मामले में सिर्फ अब्दुल्ला आजम को आरोपी बनाया है। दोनों ही मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल में चल रही है। शनिवार को दोनों ही मामलों में सुनवाई होगी। लिहाजा, यह माना जा रहा है कि कोर्ट की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आजम खां भी कोर्ट आ सकते हैं।