सवाल : मेरी उम्र 48 वर्ष है। अंगड़ाई लेने व पोजिशन चेंज करने पर कमर में कट-कट की आवाज आती है। इसका क्या कारण हो सकता है और उपाय क्या है। - अमित अग्रवाल, मानसरोवर कॉलोनी
जवाब : पीठ की मांसपेशियों में अकड़न के कारण ऐसा हो सकता है। आपको पीठ की मांसपेशियों के कुछ व्यायाम जैसे भुजंग आसन आदि नियमित रूप से करने चाहिए।
सवाल : मेरी उम्र 25 वर्ष है। पांच माह पहले डिलीवरी हुई थी। अब मेरे कूल्हों और टांगों में दर्द रहता है। इसके लिए क्या करना चाहिए। कृपया कोई उपाय बताएं। - हरिप्रिया शास्त्री, विवेक विहार
जवाब : आगे की ओर झुकने से बचें। भारी वजन न उठाएं। अपने आहार में पानी और फलों का सेवन बढ़ाएं।
सवाल : मेरी उम्र 76 वर्ष है। घुटनों में काफी दर्द रहता है। उकड़ू बैठने में समस्या होती है और बैठकर खड़े होने में भी दर्द होता है। कभी-कभी पैरों पर सूजन भी आ जाती है, क्या करूं। - महावीर सोलंकी, बुद्धि विहार
जवाब : जमीन या कम ऊंचाई वाले फर्नीचर पर बैठने से बचें। सीढि़या चढ़ने से परहेज करें। स्थिर साइकिलिंग व्यायाम करें। आपको अपने घुटनों की जांच किसी ऑर्थोपैडिक डॉक्टर से करवानी चाहिए।
सवाल : मेरी उम्र 50 वर्ष है। मुझे 13 साल से डायबिटीज है। अब एक माह से मेरे दाहिने कंधे में काफी दर्द है। हाथ पूरा ऊपर नहीं उठ पाता है। हालांकि सूजन नहीं है लेकिन दर्द महसूस होता है। क्या करना चाहिए। - अशोक वर्मा, लाइनपार
जवाब : ब्लड शुगर के स्तर को सख्त नियंत्रण में रखें। भारी वजन उठाने से बचें। अपने कंधे की संपूर्ण जांच के लिए हड्डी व जोड़ रोग विशेषज्ञ के पास जाएं।
सवाल : मेरी उम्र 32 वर्ष है। तीन-चार माह पहले मुझे चिकनगुनिया हुआ था। इसके बाद से मेरे पैरों के जोड़ों में दर्द रहता है। ज्यादा चलने पर दर्द और थकान जल्दी महसूस होने लगती है। इसके लिए मुझे क्या करना चाहिए। - सुमित कुमार, कृष्ण कुंज कॉलोनी
जवाब : सबसे महत्वपूर्ण बात है कि पानी और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं। नियमित रूप से जॉगिंग और व्यायाम करें।