मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए कांटेक्ट ट्रेसिंग में बदलाव किया गया है। इसके लिए शासन ने नई गाइडलाइन जारी की है। अब स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीज के 25 कांटेक्ट खंगालेगा। इन लोगों के सैंपल कराए जाएंगे। अभी तक पॉजिटिव मरीज के पंद्रह कांटेक्ट ट्रेस किए जाते थे। ऑनलाइन ट्रेनिंग के जरिये इसकी जानकारी दी गई।
कोरोना संक्रमण का दौर जारी है। हर दिन नए मरीज सामने आ रहे हैं। संक्रमित के कांटेक्ट ट्रेस कर इसके फैलाव को रोकने की कोशिश भी की जाती है। हालांकि कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए सामाजिक दूरी और मास्क सबसे बड़ा हथियार है। अभी तक स्वास्थ्य विभाग हर संक्रमित के पंद्रह कांटेक्ट ट्रेस करता था, लेकिन संक्रमण की दर को नियंत्रित करने के लिए संक्रमित के 25 कांटेक्ट ट्रेस किए जाएंगे। एसीएमओ डा. डीके प्रेमी ने बताया कि शासन ने कोरोना को लेकर नई गाइड लाइन जारी की है। ऑनलाइन ट्रेनिंग में इसकी जानकारी दी गई है। स्वास्थ्य कर्मियों को जल्द प्रशिक्षण दिया जाएगा।
लक्षण वाले मरीज की रिपोर्ट निगेटिव तो टीबी की जांच
मुरादाबाद। नई गाइडलाइन के मुताबिक सांस लेने में परेशानी, खांसी, बुखार होने पर अगर कोरोना की जांच में निगेटिव आती है तो मरीज की टीबी की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा हर नए टीबी के मरीज की कोरोना की जांच कराई जाएगी। आपरेशन से पहले मरीज का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।