अमरोहा। जिले के सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से चली आ रही चिकित्सकों की कमी अब काफी हद तक दूर होने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को 23 नए एमबीबीएस चिकित्सक मिले हैं, जिनकी तैनाती ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों में की जाएगी। इनमें से सात चिकित्सकों ने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है, जबकि शेष को जल्द ही अस्पताल आवंटित किए जाएंगे।
जनपद में चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को बेहतर इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वर्तमान में स्थायी चिकित्सकों के 198 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 83 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। वहीं संविदा के 55 स्वीकृत पदों के सापेक्ष सिर्फ 32 चिकित्सक तैनात हैं। विभाग समय-समय पर संविदा पर भर्ती की प्रक्रिया चलाता है, लेकिन योग्य अभ्यर्थियों की कमी के कारण सभी पद नहीं भर पाते। ऐसे में 23 नए चिकित्सकों की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को विशेषज्ञ उपचार और नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि सभी नए चिकित्सक दो वर्ष के बॉन्ड पर नियुक्त किए गए हैं। उन्हें निर्धारित अवधि तक ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों में सेवाएं देनी होंगी। इससे स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों की कमी दूर होगी और मरीजों को बेहतर एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि सभी चिकित्सकों को चरणबद्ध तरीके से अस्पताल आवंटित किए जा रहे हैं, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं जल्द से जल्द सुचारु हो सकें।