गांव रसूलपुर चौहरा में बिना पंजीकरण के पैथोलॉजी लैब संचालित करने के मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने लैब संचालक के खिलाफ छजलैट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच में लैब का कोई भी पंजीकरण सीएमओ ऑफिस में नहीं मिला है।
तहसील क्षेत्र के गांव रसूलपुर चौहरा निवासी हर्ष वर्धन मौर्य ने आईजीआरएस पाेर्टल पर शिकायत की थी कि गांव में एमएस पैथोलॉजी लैब संचालित है। इसकी जांच कराई जाए। शिकायत पर सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह के निर्देश पर 14 जून को डिप्टी सीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने टीम के साथ लैब पर छापा मारा था। संचालक मोहम्मद मुर्तजा लैब पर नहीं मिला था। वहीं लैब संचालन के लिए पंजीकरण के दस्तावेज भी नहीं मिले थे। रोगियों की जांच रिपोर्ट पर डॉक्टर के हस्ताक्षर नहीं पाए गए थे। लैब में फायर सेफ्टी व बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। डिप्टी सीएमओ ने लैब को सील कर दिया था। लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने, बिना पंजीकरण लैब संचालित करने, पर्यावरण एक्ट सहित अन्य धाराओं में लैब संचालक मोहम्मद मुर्तजा के खिलाफ छजलैट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।