मूंढापांडे (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र के सिरसखेड़ा में प्रधान पद पर चुनाव को लेकर रंजिश में प्रधान और संभावित प्रत्याशी के पक्षों में मारपीट फायरिंग के मामले में शनिवार को पुलिस ने प्रधान इकरार हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार शाम पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मूंढापांडे के सिरसखेड़ा में प्रधान इकरार और संभावित प्रत्याशी अब्दुल मतालिब उर्फ अब्दुल्ला में चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। बुधवार को दोनों पक्ष में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था। अब्दुल मतालिब के चाचा वहीद बृहस्पतिवार की दोपहर 2.30 बजे पैदल जाकिर के घर के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रधान इकरार, जाकिर, शमशाद फरजंद ने उसे घेर लिया और लाठी डंडों से पीट दिया था। जिससे उसके सिर चोट आई थी। आरोप है कि जाकिर ने फायरिंग कर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस मामले में पुलिस की ओर से प्रधान सहित 33 नामजद एवं 15-20 अज्ञात लोगों के मारपीट, बलवा, फायरिंग, गुंडा एक्ट रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने अब्दुल मतालिब उर्फ अब्दुल्ला, फईम, अत मोहम्मद, अब्दुल हकीम, इमरान, अली मोहम्मद, आजम फरहद रजा को गिरफ्तार कर लिया था। सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को प्रधान इकरार हुसैन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।