मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद में सोमवार की शाम स्कूटी और बाइक टकराने के विवाद में हेड कांस्टेबल के बेटों ने साइबर थाने में तैनात दरोगा के साथ जमकर मारपीट की। उन्हें दौड़ा दौड़ाकर पीटा गया। जिसमें वह घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाई भाग गए। पुलिस ने घायल दरोगा का मेडिकल कराकर कार्रवाई की तैयारी की लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। मुरादाबाद के साइबर थाने में तैनात दरोगा मझोला के नया मुरादाबाद में रहते हैं।
इनके आस पड़ोस में ही अमरोहा के डिडौली थाने में तैनात हेड कांस्टेबल का परिवार रहता है। बताया जा रहा है कि सोमवार को दरोगा स्कूटी पर सवार होकर शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हेड कांस्टेबल के दो बेटे बाइक पर सवार होकर अपने घर से निकले।
स्कूटी और बाइक में टक्कर हो गई। आरोप है कि दोनों भाइयों ने दरोगा को घेर लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। दरोगा सादा कपड़ों में थे और उन्होंने दोनों भाइयों को बताया कि वह दरोगा हैं लेकिन दोनों भाई इतना गुस्से में थे कि उन्होंने कहा कि वह भी हेड कांस्टेबल के बेटे हैं।
उन्होंने फोन कर अपने पिता को भी मौके पर बुला लिया। पिता के सामने भी बेटों ने दरोगा से मारपीट करते रहे। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और घटना की जानकारी मिलने पर मझोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर युवक भाग गए।
पुलिस घायल दरोगा को थाने ले गई। इसके बार जांच पड़ताल में पता चला कि हमलावर दोनों भाई हेड कांस्टेबल के बेटे हैं। इसके बाद हेड कांस्टेबल भी थाने पहुंच गया। सूचना मिलने पर साइबर थाने से भी इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाही भी पहुंच गए।
मझोला थाने की पुलिस ने दरोगा का मेडिकल कराया है। मामला पुलिस कर्मियों से जुड़ा होने के कारण दोनों पक्षों में समझौता हो गया। दरोगा भी लिख कर दे दिया है कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
एसपी सिटी कुमार रण विजयसिंह ने बताया कि स्कूटी और बाइक टकराने के बाद कहासुनी हो गई थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।