हसनपुर कोतवाली के दरोगा ने ही सभी को विधायक के फार्म हाउस तक पहुंचाया था। दरोगा ने अपने साथ मौजूद सभी लोगों को गृह मंत्रालय का अधिकारी बताते हुए कहा था कि यह सभी एक बड़ी जांच करने के लिए आए हैं। यहां कुछ समय रुकेंगे और फिर चले जाएंगे। महिला को भी अधिकारी ही बताया गया था। फार्म हाउस के मालिक विधायक खानपुर उमेश शर्मा का कहना है कि इन लोगों ने स्टाफ को धमकाया भी था। इस संबंध में हसनपुर कोतवाली में केयर टेकर की तरफ से तहरीर दी गई है।
हसनपुर थानाक्षेत्र के गांव रजोहा निवासी रामनिवास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह डीडी फार्म हाउस का केयरटेकर है। 21 सितंबर की शाम उसके मोबाइल फोन पर काॅल आई थी। परविंदर निवासी सदरपुर ने उसे फोन पर कहा कि एसएसआई नरेश राणा ने बताया है कि कुछ लोग दिल्ली गृह मंत्रालय से जांच करने के लिए अमरोहा आ रहे हैं और उन्हें फार्म हाउस पर कुछ घंटे रुकना है। फार्म हाउस पर कमरा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। जिसपर उनसे मालिकों से बात करने को कहा। इसके बाद शाम को वह फर्म हाउस से अपने गांव चला गया।
रात में चौकीदार मंगली ने बताया कि कुछ पुलिस अधिकारी फार्म हाउस पर आए हैं। इसके बाद वह दोबारा फार्म हाउस पहुंच गया। सीआरपीएफ के अधिकारी के साथ एक स्थानीय दरोगा भी थे और साथ में एक महिला भी थी। जिसके साथ सुरक्षा में एक सीआरपीएफ इंस्पेक्टर तथा एक कांस्टेबल मौजूद थे। आरोपियों ने बताया गया कि महिला किसी गंभीर मामले की जांच के सिलसिले में अमरोहा आई हैं। रात में यहां रुकेंगे। दोबारा मालिक से बात करने को कहा तो आरोपियों ने डराया धमकाया। आरोपियों ने गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी।
कहीं पहले भी फार्म हाउस पर तो नहीं आए आरोपी
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी फार्म हाउस पर पहली बार आए थे या पहले भी आ चुके हैं। पुलिस इस बिंदू पर भी जांच करेगी। शक जताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी यहां आ चुके थे। यहां की परिस्थितियों से वाकिफ थे। इसलिए वारदात को अंजाम देने के लिए इसे चुना।
सारा दिन वर्दी वालों का गुनाह छिपाए रही हसनपुर पुलिस
तेइस वर्षीय युवती के साथ हसनपुर स्थित विधायक के फार्म हाउस में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपी खुद वर्दी वाले हैं। एक सीआरपीएफ का इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और हसनपुर कोतवाली का दरोगा व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही है। मंगलवार की रात को ही पुलिस ने सभी आरोपी हिरासत में ले लिए थे। लेकिन सारी कार्रवाई इतनी खामोशी के साथ हुई कि बाहर सूचना न पहुंच सके। आला अफसरों को भी पूरी जानकारी नहीं दी गई।
उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा के विधायक उमेश शर्मा का हसनपुर में डीडी के नाम से फार्म हाउस है। इस फार्म हाउस में बीस से भी ज्यादा कमरे हैं। हसनपुर कोतवाली में युवती ने जो रिपोर्ट दर्ज कराई है उसके मुताबिक मंगलवार की रात को उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। सभी आरोपी शराब के नशे में थे।
वह किसी तरह से उनके चंगुल से निकली और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छापा मारकर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया था। खास बात यह है कि पूरी वारदात की जानकारी बुधवार की देर शाम को थाने से बाहर आई। इससे पहले किसी को जानकारी तक नहीं दी गई। इतना ही नहीं आरोपियों को पुलिस मीडिया से भी छुपाए रही। जब स्थानीय पुलिस से आरोपियों के फोटो के बारे में बात की गई तो इन्कार कर दिया गया।