मिनी आईपीएल में रविवार को हापुड़ हरिकेंस व मुरादाबाद के एमपीएस टाइटंस के बीच भिड़ंत हुई। इसमें हापुड़ की टीम शुरू से एमपीएस पर हावी रही और मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। इस टूर्नामेंट में हापुड़ की टीम लगातार जीत दर्ज कर मजबूत स्थिति में है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमपीएस टाइटंस 17.2 ओवर में 87 रन बनाकर सिमट गई। एमपीएस के तीन बल्लेबाज शून्य और दो बल्लेबाज एक-एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। विकेट कीपर बल्लेबाज युवराज सिंह ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। हरिकेंस के लिए गेंदबाजी में लव चौधरी और कार्तिक ने तीन-तीन विकेट चटकाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरे हरिकेंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सूर्यांश सिसौदिया और आदित्य अग्रवाल बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। इसके बाद क्रीज पर उतरे अंकित सहवाग ने नाबाद अर्धशतक बनाया। टीम ने 14.3 ओवर में तीन विकेट खोकर मैच जीत लिया। एमपीएस के लिए सात्विक ने एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच लव चौधरी को चुना गया। गेम चेंजर ऑफ द मैच अंकित सहवाग रहे। मैच के दौरान मिर्जा दानिश आलम, नवाज, निक्की, चमन, शशांक सैनी आदि मौजूद रहे।