हज कमेटी इंडिया ने हज आवेदन की तारीख बढ़ा दी है। अब आवेदक बारह दिसंबर तक हजयात्रा के लिए आवेदन फार्म भर सकते हैं। जबकि निर्धारित एक्शन प्लान के तहत 17 नवंबर आवेदन की आखिरी तारीख तय की गई थी। वहीं स्टेट हज कमेटी को आवेदकों के फार्म 21 दिसंबर तक हज कमेटी इंडिया को जमा करना होगा।
हजयात्रा 2018 में हजयात्रियों को आई दुश्वारियों से इस बार हज कमेटी ने सबक लिया है। पिछले साल की तुलना इस बार हज कमेटी ने हज आवेदन प्रक्रिया एक महीने पहले ही शुरू कर दिया। 18 अक्तूबर से हजयात्रा 2019 के लिए आवेदन फार्म भरने शुरू हुए। जो 17 नवंबर तक चलता रहा।
मुरादाबाद के हज ट्रेनर हाजी मुख्तार असलम ने बताया कि हज कमेटी इंडिया की ओर से आवेदन की तारीख बढ़ाकर अब बारह दिसंबर कर दी गई। जो आवेदक आवेदन करने से रह गए हैं, उन्हें आवेदन के लिए बारह दिसंबर तक का मौका मिल गया है। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में कुर्रा डालने की उम्मीद है।